गाजीपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत जनपद में सितंबर 2026 के लिए आवंटित खाद्यान्न का वितरण 10 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। पात्र लाभार्थियों को गेहूं और चावल निःशुल्क मिलेगा, जबकि अन्त्योदय कार्डधारकों को जुलाई, अगस्त और सितंबर 2026 की त्रैमासिक अवधि के लिए निर्धारित मात्रा में चीनी सशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला पूर्ति अधिकारी अनन्त प्रताप सिंह ने बताया कि अन्त्योदय अन्न योजना के कार्डधारकों को प्रति कार्ड 10 किलोग्राम गेहूं और 25 किलोग्राम चावल, यानी कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क दिया जाएगा। वहीं पात्र गृहस्थी राशन कार्ड पर प्रत्येक यूनिट के अनुसार 1 किलोग्राम गेहूं और 4 किलोग्राम चावल निःशुल्क मिलेगा।

अन्त्योदय कार्डधारकों को जुलाई, अगस्त और सितंबर 2026 की त्रैमासिक अवधि के लिए 3 किलोग्राम चीनी प्रति कार्ड उपलब्ध कराई जाएगी। इसकी दर ₹18 प्रति किलोग्राम निर्धारित है, यानी 3 किलो चीनी के लिए लाभार्थी को ₹54 का भुगतान करना होगा।

चीनी के वितरण में पोर्टेबिलिटी की सुविधा नहीं होगी। अन्त्योदय कार्डधारक अपनी मूल उचित दर की दुकान से ही चीनी प्राप्त कर सकेंगे।

वितरण के बाद ई-पास मशीन से निकलने वाली पर्ची पर गेहूं, चावल एवं बाजरा का मूल्य शून्य तथा चीनी का मूल्य ₹18 प्रति किलोग्राम स्पष्ट रूप से अंकित होगा। इससे लाभार्थियों को मिलने वाले खाद्यान्न और देय राशि की जानकारी पारदर्शी रूप से उपलब्ध रहेगी।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत पात्र लाभार्थी पोर्टेबिलिटी सुविधा का उपयोग करते हुए अपनी इच्छानुसार किसी भी उचित दर की दुकान से खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं।

25 सितंबर को OTP से भी मिलेगा राशन

राशन वितरण की अंतिम तिथि 25 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त न कर पाने वाले उपभोक्ताओं को अंतिम दिन मोबाइल ओटीपी वेरिफिकेशन के जरिए निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि राशन का वितरण सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित समय में सुनिश्चित करें।

प्रशासन ने लाभार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपनी पात्रता के अनुसार राशन प्राप्त करें और वितरण के समय ई-पास मशीन से प्राप्त पर्ची अवश्य लें।