गाजीपुर। देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को जनपद गाजीपुर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के नेतृत्व में शहर में विशाल एवं भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे हजारों लोगों ने रैली में शामिल होकर राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।

 डीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रैली का शुभारंभ

रैली का शुभारंभ ऑडिटोरियम परिसर से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में जिलास्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस बल, एनसीसी-एनएसएस कैडेट, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

तिरंगा थामे लोगों का जोश देखते ही बन रहा था। रैली के दौरान पूरा शहर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंजता रहा। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा रैली का स्वागत किया, जिससे पूरे वातावरण में देशभक्ति की ऊर्जा देखने को मिली।

 प्रमुख मार्गों से गुजरी तिरंगा यात्रा

ऑडिटोरियम परिसर से शुरू हुई रैली कचहरी, महुआबाग, विशेश्वरगंज चौराहा और मिश्रबाजार होते हुए सदर कोतवाली पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली के दौरान हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को और भव्य बना दिया।

 ‘तिरंगा केवल ध्वज नहीं, देश के गौरव और बलिदान का प्रतीक’

इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि तिरंगा रैली का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करना है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों पर गर्व और सम्मान के साथ तिरंगा फहराएं तथा हर घर को देशभक्ति की भावना से जोड़ें।

गाजीपुर की सड़कों पर लहराता तिरंगा और गूंजते देशभक्ति के नारे स्वतंत्रता दिवस के जश्न को ऐतिहासिक बना गए। यह रैली राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश देते हुए लोगों के दिलों में देशभक्ति की नई ऊर्जा भर गई।