गाजीपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को देशभक्ति और उत्साह से सराबोर माहौल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह 7:30 बजे स्कूली बच्चों ने प्रभातफेरी निकाली, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। बच्चों के हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंजता रहा।

इसके बाद जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने प्रातः 8 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान से पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया। समारोह में स्कूली बच्चों को मिठाई वितरित की गई तथा ‘एक पेड़ मां के नाम-2.0’ अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को किया नमन

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2026 का दिन हमारे लिए गौरव और संकल्प का अवसर है। लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद देश को मिली आजादी की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता, धर्मनिरपेक्षता और सांप्रदायिक सौहार्द को अक्षुण्ण बनाए रखना तथा सर्वधर्म समभाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना हम सभी का पुनीत कर्तव्य है। स्वतंत्रता दिवस देश के ज्ञात-अज्ञात असंख्य देशभक्तों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करने का भी अवसर है।

‘हर घर तिरंगा’ से मजबूत हुई राष्ट्रीय भावना

डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय स्वाभिमान और गौरव के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया गया, जिसमें जनपदवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

उन्होंने कहा कि अमर बलिदानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर देश को स्वतंत्रता दिलाई। अब आर्थिक और सामाजिक स्वाधीनता को मजबूत करना तथा राष्ट्र को विकास के पथ पर आगे ले जाना हम सभी की जिम्मेदारी है। विशेष रूप से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम और देश के गौरवशाली इतिहास की जानकारी देना बेहद जरूरी है।

जनसमस्याओं का संतोषजनक निस्तारण बने प्राथमिकता

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि जिस पद पर जो भी कार्यरत है, वह अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाए। दूर-दराज से अपनी समस्याएं लेकर आने वाले लोगों की बात सुनी जाए और उनकी समस्याओं का संतोषजनक एवं न्यायपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि धर्म, रंग, वर्ग और अन्य सभी भेदभावों को भुलाकर मिल-जुलकर रहें और भावनात्मक एकता एवं भाईचारे को मजबूत करें, ताकि देश और जनपद निरंतर उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ सके।

स्वतंत्रता सेनानी परिवारों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के उपरांत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्रम और मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया।

समारोह में मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।