गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव—हर घर तिरंगा-2026 अभियान के तहत शनिवार को जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय, गाजीपुर के संयुक्त तत्वावधान में महिला एवं पुरुष 5 किलोमीटर क्रॉसकंट्री रेस (तिरंगा दौड़) का भव्य आयोजन किया गया।

सुबह 6:30 बजे नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार से शुरू हुई तिरंगा दौड़ में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और देशभक्ति के जज्बे के साथ हिस्सा लिया। दौड़ पीजी कॉलेज चौराहा, आदर्श बौद्ध इंटर कॉलेज एवं चमड़ा गोदाम होते हुए वापस नेहरू स्टेडियम के गेट पर समाप्त हुई। प्रतियोगिता में 93 बालक और 55 बालिकाओं सहित कुल 148 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

 बालक वर्ग में आदित्य यादव ने मारी बाजी

प्रतियोगिता का शुभारंभ उप जिलाधिकारी सदर गाजीपुर श्री विनोद कुमार जोशी ने हरी झंडी दिखाकर किया। बालक वर्ग में आदित्य यादव ने प्रथम, अन्ना यादव ने द्वितीय तथा अजित यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बादल गुप्ता चतुर्थ, आकाश यादव पंचम और अजय कुमार बिन्द छठे स्थान पर रहे।

 बालिका वर्ग में अंकिता विश्वकर्मा प्रथम

बालिका वर्ग में अंकिता विश्वकर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रीति ने द्वितीय, दुर्गावती कुमारी ने तृतीय, अनन्या सिंह ने चतुर्थ, कल्पना बिन्द ने पंचम तथा निक्की ने छठा स्थान प्राप्त किया।

 विजेताओं को किया गया सम्मानित

विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण जिला युवा कल्याण अधिकारी श्री दिलीप कुमार एवं क्रीड़ाधिकारी गाजीपुर श्री देवी प्रसाद द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने सभी खिलाड़ियों को स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गाजीपुर का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में विजय (खेलो इंडिया एथलेटिक्स कोच), राधेश्याम सिंह यादव, प्रेमचन्द यादव, बृजेश कुमार, प्रदीप राय, योगेन्द्र सिंह, अंजनी वर्मा एवं नागेन्द्र यादव शामिल रहे।

कार्यक्रम में सुदामा राम, मो. मोईन (संयुक्त सचिव, जिला फुटबॉल संघ), अमरजीत सिंह (अध्यक्ष, जिला एथलेटिक्स संघ), ग्यासुदीन अहमद, योगेन्द्र कुमार, इंज़मामुल हक, जैनेन्द्र कुमार, रामदेव सिंह, श्रीमती श्यामा देवी सहित जिला खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में क्रीड़ाधिकारी गाजीपुर ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

तिरंगे की शान में दौड़े कदम, खेल भावना के साथ गूंजा देशभक्ति का जज्बा—गाजीपुर की ‘तिरंगा दौड़’ ने स्वतंत्रता दिवस को बनाया यादगार।