गाज़ीपुर। जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी, गाजीपुर द्वारा बुधवार को कांग्रेस कार्यालय, सकलेनाबाद में संगठन सृजन अभियान के तहत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सचिव एवं एआईसीसी ऑब्जर्वर, पूर्व विधायक पूनम पासवान जी तथा पीसीसी ऑब्जर्वर श्री धर्मेंद्र कुमार तिवारी जी उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत जिला अध्यक्ष एवं शहर अध्यक्ष पद के इच्छुक उम्मीदवारों ने अपना आवेदन फार्म जमा किया। इसके बाद एआईसीसी एवं पीसीसी ऑब्जर्वर द्वारा प्रत्येक ब्लॉक में संगठन सृजन को लेकर बैठकें आयोजित की जाएंगी और वहां मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने तथा नेतृत्व के संबंध में उनका ओपिनियन लिया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए एआईसीसी ऑब्जर्वर एवं पूर्व विधायक पूनम पासवान जी ने कहा कि कांग्रेस का संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करना और हर कार्यकर्ता को संगठन में उचित सम्मान एवं जिम्मेदारी देना है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ तैयारी कर रही है। जनता भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है और आने वाले चुनावों में जनता अपने मत के माध्यम से इसका जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष केवल सत्ता प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए है। संगठन को गांव, ब्लॉक और बूथ स्तर तक मजबूत करके कांग्रेस जनता के मुद्दों को और मजबूती से उठाएगी।

पीसीसी ऑब्जर्वर श्री धर्मेंद्र कुमार तिवारी जी ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। प्रत्येक ब्लॉक में कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी राय और सुझाव लिए जाएंगे तथा संगठन में सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा।

 कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष सुनील राम शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा एआईसीसी सदस्य रविकांत राय जनक कुशवाहा अजय कुमार श्रीवास्तव मुसाफिर बिना ज्ञान प्रकाश सिंह मुन्ना प्रमिला देवी चंद्रिका सिंह विद्याधर पांडे ए हामिद अली राजेश गुप्ता सतीश उपाध्याय मंसूर जैदी माधव कृष्ण आशुतोष गुप्ता मोहम्मद राशिदअखिलेश यादव कमलेश्वर शर्मा आलोक यादव डॉ गुड्डू सुनील साहू दिव्यांशु पांडे सुधांशु शशांक उपाध्याय सतीश श्रीवास्तव बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों में कांग्रेस को मजबूती के साथ मैदान में उतारने का संकल्प लिया।