गाजीपुर। गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर एवं संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में श्रीमान जिलाधिकारी महोदय एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर महोदय द्वारा बलुआ घाट, थाना जमानियां पर पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

इसके पश्चात अधिकारियों ने थाना जमानियां क्षेत्रांतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम सब्बलपुर कला सहित संभावित कटान प्रभावित स्थानों एवं गांवों का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। अधिकारियों ने गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर, संभावित कटान एवं ग्रामीणों के समक्ष उत्पन्न परिस्थितियों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया।

 ग्रामीणों से सीधा संवाद, सुनीं समस्याएं

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम प्रधान एवं स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने ग्रामीणों को हरसंभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाते हुए संबंधित अधिकारियों को बाढ़ एवं कटान से बचाव के लिए आवश्यक प्रबंध तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

बाढ़ की स्थिति पर प्रशासन की पैनी नजर

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क एवं तैयार रहने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी L/R गाजीपुर, उपजिलाधिकारी जमानियां, क्षेत्राधिकारी जमानियां सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद रहे।

 संदेश साफ—आपदा की आहट से पहले प्रशासन मैदान में!

गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासनिक अमला गांव-गांव पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से पहले आवश्यक कदम उठाए जा सकें और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।