गाजीपुर। पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य को लेकर रविवार को पुलिस लाइन गाजीपुर में ‘वामा वेलनेस कैंप’ का सफल आयोजन किया गया। वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में होम्योपैथी एवं एलोपैथिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर का आयोजन वामा सारथी अध्यक्षा जनपद गाजीपुर श्रीमती कल्याणी वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के कुशल निर्देशन में तथा प्रतिसार निरीक्षक गाजीपुर की उपस्थिति में पूर्व निर्धारित कैलेंडर के अनुसार किया गया।
कैंप में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिवारजनों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया। चिकित्सकों ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं पर परामर्श देने के साथ ही बदलते मौसम में होने वाली सामान्य बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए।
इस दौरान होम्योपैथी चिकित्सा परामर्श एवं दवा वितरण के साथ एलोपैथिक चिकित्सकों द्वारा भी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी गई। जरूरतमंद लाभार्थियों को निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य पुलिस परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। शिविर में उपस्थित पुलिस परिवारों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में उपयोगी कदम बताया।

