पत्नी के नाम खरीदी गई 127 वर्गमीटर जमीन पर बना मकान भी कार्रवाई की जद में, गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्तीकरण

गाजीपुर। संगठित अपराध और अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ गाजीपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, IS-191 गैंग के सरगना रहे कुख्यात माफिया मुख्तार अंसारी के मुख्य शार्प शूटर एवं गैंग सहयोगी अंगद राय उर्फ झूलन द्वारा कथित तौर पर संगठित अपराध से अर्जित धन से अपनी पत्नी सरिता राय के नाम खरीदी गई अचल संपत्ति को कुर्क कर जब्तीकरण की कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी गाजीपुर के कुर्की आदेश के अनुपालन में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम-1986 की धारा 14(1) के तहत यह कार्रवाई की गई। कुर्क की गई संपत्ति का अनुमानित बाजार मूल्य 9 करोड़ 50 लाख रुपये बताया गया है।

127 वर्गमीटर जमीन और निर्माण कुर्क

पुलिस के अनुसार, संपत्ति अंगद राय की पत्नी सरिता राय के नाम पर मौजा गिरधरिया, परगना एवं तहसील मुहम्मदाबाद, गाजीपुर में खरीदी गई थी। संबंधित आराजी संख्या 207 में कुल 0.1370 हेक्टेयर में से 0.0127 हेक्टेयर यानी 127 वर्गमीटर भूमि शामिल है। इसमें करीब 63 वर्गमीटर में द्वितीय श्रेणी का निर्माण होने की बात पुलिस ने बताई है।

पुलिस का दावा है कि उक्त संपत्ति को अपराध से अर्जित धन से खरीदा गया था। इसी आधार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति को कुर्क किया गया।

25 मुकदमों का आपराधिक इतिहास

पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, अंगद राय उर्फ झूलन के विरुद्ध गाजीपुर के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, रंगदारी, आपराधिक षड्यंत्र, मारपीट, धमकी समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 25 मुकदमों/एनसीआर का आपराधिक इतिहास दर्ज है।

इनमें थाना भांवरकोल, कोतवाली, मुहम्मदाबाद और नंदगंज में दर्ज मामले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड में वर्ष 2001 से 2023 तक के विभिन्न मुकदमों का उल्लेख किया गया है।

गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में हुई कार्रवाई

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कुर्की कार्रवाई थाना कोतवाली में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 314/2023, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत की गई है।

तहसील और पुलिस टीम रही मौजूद

कुर्की की कार्रवाई के दौरान तहसीलदार मुहम्मदाबाद महेंद्र बहादुर, थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक रोहित मिश्र मय पुलिस टीम थाना भांवरकोल, चौकी इंचार्ज रजागंज उपनिरीक्षक अभिनव गुप्ता मय पुलिस टीम थाना कोतवाली तथा क्षेत्रीय लेखपाल संतोष राय मौजूद रहे।

गाजीपुर पुलिस की इस कार्रवाई को संगठित अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।