गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

बैठक में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति एवं पेंशन योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी लेते हुए सभी महाविद्यालयों के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील स्तर पर बैठकें कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा।

राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना की समीक्षा के दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि योजनाओं से संबंधित प्रगति की पोर्टल पर समयबद्ध फीडिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

इसके बाद आईजीआरएस की समीक्षा में असंतोषजनक फीडबैक वाले विभागों पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि असंतुष्ट फीडबैक के प्रत्येक मामले की गंभीरता से समीक्षा की जाए और शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने कहा कि आमजन की शिकायतों का प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक के दौरान उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को जनहितकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।