गाजीपुर, 30 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर द्वारा रविवार को थाना सुहवल का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और पुलिसकर्मियों के कार्यों की गहन समीक्षा की।

एसपी ने थाना स्तर पर गठित साइबर सेल/हेल्प डेस्क, जनसुनवाई डेस्क पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं रिक्रूट आरक्षियों से संवाद कर उनके दायित्वों और कार्यप्रणाली की जानकारी ली। कार्यों की समीक्षा करते हुए कमियों को दूर करने तथा बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, CCTNS कार्यालय, मेस, भोजनालय, बैरक, हवालात, शौचालय, महिला हेल्प डेस्क एवं शस्त्रागार सहित पूरे थाना परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। कार्यालय में रखे विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों की भी जांच की गई और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए गए।

वीडियो देखे 🙏 

एसपी ने महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10 अपराधियों, गुंडा एवं माफिया तथा अन्य चिन्हित अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

जनसुनवाई के दौरान पुलिसकर्मियों को आमजन एवं शिकायतकर्ताओं के साथ विनम्र, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए उसे आवश्यक सहायता एवं सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनता का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

वार्षिक निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, थानाध्यक्ष सुहवल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।