गाजीपुर, 15 अगस्त 2026। आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस कार्यालय गाजीपुर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। अपर पुलिस अधीक्षक नगर, गाजीपुर द्वारा पुलिस कार्यालय परिसर में विधिवत ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारी एवं पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

ध्वजारोहण के उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारीगण को मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

अपने संबोधन में उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी हमें वीर सपूतों के बलिदान से मिली है और इसकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित एवं प्रेरित करते हुए कहा कि गरीब, असहाय और पीड़ित व्यक्तियों की मदद को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके भीतर सुरक्षा और विश्वास की भावना जागृत करें। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे, ताकि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर गाजीपुर पुलिस ने राष्ट्रसेवा, जनसुरक्षा और कर्तव्यनिष्ठा के संकल्प को और मजबूत किया।