गाजीपुर में गूंजी देशभक्ति की गूंज, तिरंगों से सजा शहर
गाजीपुर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गाजीपुर में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हाथों में तिरंगा, दिल में राष्ट्रप्रेम और जुबां पर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों के साथ पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
विकास भवन चौराहा से भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जिलाधिकारी गाजीपुर ने हरी झंडी दिखाकर किया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के नेतृत्व में निकली यह यात्रा विकास भवन चौराहा से प्रारंभ होकर कस्बा गाजीपुर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कोतवाली पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश
तिरंगा यात्रा में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पूरे यात्रा मार्ग पर देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। हाथों में लहराते तिरंगे और राष्ट्रभक्ति के नारों ने लोगों में राष्ट्रीय गौरव एवं एकता की भावना को और मजबूत किया।
यात्रा में मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, यातायात प्रभारी, महिला थानाध्यक्ष सहित पुलिस कार्यालय, यातायात पुलिस एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण मौजूद रहे।
देशभक्ति के रंग में रंगा गाजीपुर
तिरंगा यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय हिंद” और “हर घर तिरंगा” के नारों से पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। यात्रा ने नागरिकों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देश की एकता-अखंडता और राष्ट्रीय गौरव के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस पर गाजीपुर की सड़कों पर लहराता तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, शौर्य और गौरव का प्रतीक बनकर नजर आया।
हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा…
हर कदम राष्ट्र के नाम!


