गाजीपुर, 15 अगस्त 2026। देश की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद गाजीपुर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जनपद के समस्त थानों एवं पुलिस चौकियों पर हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर संबंधित प्रभारी निरीक्षक/थाना प्रभारी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारीगण को मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

समस्त थाना पुलिस टीम द्वारा भारत की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को राष्ट्रहित और जनसेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस टीम ने संकल्प लिया कि आमजन की सुरक्षा, सम्मान और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर परिस्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहेंगे।

तिरंगे की शान, शहीदों का सम्मान और जनसेवा का संकल्प—इसी भावना के साथ गाजीपुर पुलिस ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस। 

जय हिंद! 

वंदे मातरम्!