भोजन की गुणवत्ता परखी, कमरों में रोशनी बढ़ाने के निर्देश; खेल मैदान में बैडमिंटन-वॉलीबॉल और वॉकिंग की सुविधा विकसित करने पर जोर
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने शनिवार को जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, चकेरी, ऊपरवार, सैदपुर का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शिक्षा, आवासीय सुविधाओं, भोजन, सुरक्षा एवं खेलकूद व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय, अभ्युदय कक्ष, नियंत्रण कक्ष एवं सीसीटीवी व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने छात्रावास भवन का निरीक्षण करते हुए छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने छात्राओं की पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, भोजन और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कमरों में रोशनी कम मिली तो दिए तत्काल निर्देश
छात्रावास के कमरों का निरीक्षण करते समय कुछ कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं मिली। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को सभी कमरों में समुचित एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने छात्राओं से भोजन की गुणवत्ता और समयबद्धता के बारे में भी जानकारी ली। छात्राओं से उनके भविष्य के लक्ष्य, रुचियों और पढ़ाई को लेकर बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से उनके गृह जनपद एवं माता-पिता के नाम भी पूछे और स्वयं चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
डीएम ने खुद चखा दाल-चावल, परखी भोजन की गुणवत्ता
इसके बाद जिलाधिकारी ने छात्रावास के भोजनालय एवं भंडार कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच करते हुए दाल एवं चावल का स्वयं स्वाद लेकर गुणवत्ता परखी। भंडार कक्ष में दाल, चावल, तेल सहित अन्य खाद्य सामग्री की उपलब्धता, स्वच्छता और रख-रखाव का भी निरीक्षण किया।
खाद्य सामग्री पर्याप्त मात्रा में और व्यवस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने वर्तमान व्यवस्था को नियमित रूप से बनाए रखने के निर्देश दिए।
खेल मैदान को बनाया जाएगा और बेहतर
जिलाधिकारी ने विद्यालय के खेल मैदान का भी निरीक्षण किया। छात्राओं के शारीरिक स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मैदान में बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल खेलने की समुचित व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं के लिए वॉकिंग की सुविधा तथा मैदान में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
“छात्राओं को मिले सुरक्षित और बेहतर माहौल”
जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सुरक्षित, स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसा माहौल तैयार किया जाना चाहिए, जिसमें छात्राएं बिना किसी बाधा के अपनी शिक्षा पूरी कर अपने भविष्य के लक्ष्यों को हासिल कर सकें।
औचक निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

