गाजीपुर। आज दिनांक 24 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र के फुल्लनपुर निवासी दो बालकों ने अपनी ईमानदारी और इंसानियत से समाज के सामने एक प्रेरणादायी मिसाल पेश की।
अंकित यादव पुत्र राकेश यादव और प्रवीण प्रकाश मौर्य पुत्र जय प्रकाश घर से विद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान फुल्लनपुर क्रॉसिंग के पास उन्हें रास्ते में सोने (पीली धातु) की एक चेन पड़ी मिली। चेन को अपने पास रखने के बजाय दोनों बच्चों ने अपने अभिभावकों को इसकी जानकारी दी और उनके साथ पुलिस कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक महोदय को चेन सुपुर्द कर दी।
बच्चों के इस कदम ने साबित कर दिया कि ईमानदारी की कोई उम्र नहीं होती। दोनों बालकों ने एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाते हुए न केवल अपनी नेक नीयत का परिचय दिया, बल्कि समाज के अन्य लोगों के लिए भी एक शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया।
पुलिस द्वारा बरामद चेन के वास्तविक स्वामी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सत्यापन के बाद आभूषण को उसके असली मालिक को सुरक्षित वापस लौटाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने किया सम्मानित
दोनों बालकों की ईमानदारी से प्रभावित होकर पुलिस अधीक्षक महोदय ने उनकी प्रशंसा एवं उत्साहवर्धन किया।
इन बच्चों का संदेश साफ है—रास्ते में मिली कीमती चीज हमारी नहीं, बल्कि उसके असली हकदार की अमानत है।
ऐसी छोटी उम्र में दिखाई गई यह ईमानदारी निश्चित रूप से समाज के लिए एक बड़ी सीख और गर्व का विषय है।

