गाजीपुर। आजादी की पूर्व संध्या पर शुक्रवार, 14 अगस्त को परख पब्लिक केयर ट्रस्ट, गाजीपुर की ओर से शहीदों की स्मृति में मेडिकल कॉलेज स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ट्रस्ट के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम की शुरुआत ट्रस्ट की अध्यक्ष विभा पाल ने स्वयं रक्तदान करके की। इसके बाद ट्रस्ट के अन्य सदस्यों और उपस्थित लोगों ने भी स्वेच्छा से रक्तदान किया। इस दौरान लोगों ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए समाजहित में रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

इस अवसर पर ट्रस्ट की अध्यक्ष विभा पाल ने कहा कि आजादी की पूर्व संध्या पर आयोजित यह रक्तदान शिविर देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का माध्यम बन सकता है और इससे बड़ा सामाजिक योगदान कोई नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि परख पब्लिक केयर ट्रस्ट आगे भी इसी तरह समाजसेवा से जुड़े कार्यों को निरंतर करता रहेगा। कार्यक्रम में ट्रस्ट के महासचिव शशिकांत यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक सहयोग पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट समाज कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में लगातार कार्य करता रहेगा और जनमानस के सहयोग से इन गतिविधियों को और व्यापक बनाया जाएगा।

वहीं प्रद्युम्न यादव, छात्र नेता पीजी कॉलेज, ने कहा कि शहीदों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। शहीदों की याद में इस प्रकार के रक्तदान शिविर आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे और वह स्वयं भी इनमें सक्रिय रूप से भाग लेते रहेंगे।

रक्तदान शिविर के दौरान साहिल कुमार, अरुण कुमार बिंद, कंचन रावत, वर्षा यादव, वंशराज यादव, संतोष कुशवाहा, आशीष गुप्ता, विश्व बंधु कुमार, गुल्लू सिंह यादव, वरुण, भीम सिंह, अतुल सिंह, कृष्ण कुमार सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने एक ओर जहां शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की, वहीं समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया। उपस्थित लोगों ने सामाजिक सेवा के ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।