गाज़ीपुर। अपराध नियंत्रण एवं सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 29 अगस्त 2026 को जनपद पुलिस ने व्यापक पैदल गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, चौराहों, मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर पैदल भ्रमण किया।
गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने व्यापारियों, राहगीरों और आमजन से संवाद कर उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया। वहीं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन तलाशी और चेकिंग की गई।
पुलिस ने यातायात व्यवस्था को भी प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की। अचानक हुई चेकिंग और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति रही।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। नियमित पैदल गश्त एवं चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

