गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गहमर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महादेव घाट, ग्राम सायर में हुई चंदन सिंह की हत्या के मामले में वांछित चल रहे आखिरी अभियुक्त श्रीनाथ पाण्डेय उर्फ मुन्ना पाण्डेय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, थाना गहमर में दर्ज मु0अ0सं0 182/2026, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में कुल छह अभियुक्त नामजद थे। मामले में पूर्व में पांच अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि छठा और आखिरी वांछित अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
29 अगस्त 2026 को प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी मय हमराह पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त श्रीनाथ पाण्डेय उर्फ मुन्ना पाण्डेय (करीब 60 वर्ष) को नरवाघाट, गहमर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त ग्राम सम्भल राय पट्टी, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर का निवासी बताया गया है, जबकि उसका हाल पता ग्राम सायर डेरा, थाना गहमर है।
चंदन सिंह हत्याकांड में नामजद सभी छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम: प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी मय हमराह, थाना गहमर, जनपद गाजीपुर।

