उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की स्थानीय उपशाखा ने शनिवार को तहसीलदार को राजस्व परिषद अध्यक्ष के नाम संबोधित एक ज्ञापन दिया
जमानिया। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की स्थानीय उपशाखा ने शनिवार को तहसीलदार को राजस्व परिषद अध्यक्ष के नाम संबोधित एक ज्ञापन दिया। तहसील अध्यक्ष विजय कुमार सिंह और मंत्री मंतोष कुमार के नेतृत्व में सौंपे गए इस पत्र में लेखपालों की लंबे समय से लंबित मांगों का त्वरित निस्तारण करने की मांग उठाई गई है। संघ ने स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोलने, वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने और नवनियुक्त लेखपालों के परीक्षा परिणाम घोषित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही, स्टेशनरी, वाहन व विशेष भत्तों में वृद्धि करने तथा भूलेख कार्यालयों से सम्बद्ध लेखपालों को अवमुक्त करने की अपील की गई। मूलभूत सुविधाओं के बिना ग्राम सचिवालयों में लगाए जा रहे रोस्टर का भी संघ ने विरोध किया है। लेखपाल संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शासन द्वारा उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो 5 अगस्त 2026 से प्रदेश भर के लेखपाल अतिरिक्त हल्कों का कार्य पूर्णतः बंद कर देंगे। इस दौरान अतिरिक्त प्रभार के बस्ते तहसील कार्यालय में जमा करा दिए जाएंगे और भविष्य में ऑनलाइन कार्यो के बहिष्कार की रणनीति भी बनाई जाएगी। तहसीलदार राम नारायण वर्मा को ज्ञापन सौंपते समय संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अतुल रंजन राय, कनिष्ठ उपाध्यक्ष विजय कुमार, उपमंत्री वकार खान और कोषाध्यक्ष संदीप भारती सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

