गाजीपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गहमर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को रेवतीपुर बॉर्डर के पास मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय लूट एवं चोरी की घटनाओं में वांछित हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी और उसके साथी समीम शाह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार सुधीर पासी थाना मरदह का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ गाजीपुर समेत मऊ में चोरी, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एवं गुंडा एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं समीम शाह के खिलाफ भी गहमर, सादात और कोतवाली समेत विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

मामले की कड़ी एक 29 जुलाई 2026 की लूट की घटना से जुड़ी है। पुलिस के अनुसार, नवली निवासी मेराज कुरैशी को दो बदमाश बकरा खरीदने के बहाने ले गए और बसुका-करहियां के बीच मंदिर के पास तमंचे से हमला कर 60 हजार रुपये और सोने की चेन मय लॉकेट लूट ली। घटना में मेराज का हाथ भी टूट गया था।

इसके अलावा कामाख्या धाम स्थित मैरिज हॉल संचालक से 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और पैसा न देने पर गोली मारने की धमकी देने का मामला भी सामने आया था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, लाल रंग की हंटर मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल, सोने की धातु का लॉकेट और 90,620 रुपये नकद बरामद करने का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं से संबंधित है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।