गाजीपुर। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर जनपद में हथकरघा उद्योग को बढ़ावा देने और बुनकरों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने नंदगंज औद्योगिक क्षेत्र में नव निर्मित हथकरघा कारखाने का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान आयोजित समारोह में बुनकरों के हित में विभिन्न कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।

समारोह में हथकरघा बुनकरों के लिए प्रशिक्षण एवं संवर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत कौशल उन्नयन प्रशिक्षण की शुरुआत की गई। प्रशिक्षण के माध्यम से बुनकरों को आधुनिक तकनीक, नए डिजाइन और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे बाजार की मांग के अनुरूप बेहतर उत्पाद तैयार कर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि हथकरघा उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम है। बुनकरों को आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण देने के साथ उनके उत्पादों के लिए बेहतर मार्केटिंग व्यवस्था विकसित करना भी जरूरी है। इससे बुनकरों को अपने उत्पाद का उचित मूल्य मिलेगा और उनके उत्पाद राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच सकेंगे।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बुनकरों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाया जाए और उनके उत्पादों की प्रभावी मार्केटिंग के लिए ठोस प्रयास किए जाएं।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण पूरा कर चुके बुनकरों को जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण किट वितरित की। उन्होंने बुनकरों को अपने हुनर का बेहतर इस्तेमाल कर आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, उद्योग विभाग के प्रतिनिधि, हथकरघा बुनकर, उद्यमी एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

नवीन तकनीक, बेहतर डिजाइन और बाजार की मजबूत पहुंच के जरिए गाजीपुर के हथकरघा उद्योग को नई पहचान दिलाने की दिशा में यह पहल अहम मानी जा रही है।