गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस द्वारा जनपदभर में व्यापक जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण करते हुए महिलाओं और आमजन से संवाद किया। इस दौरान महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल पुलिस की मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीमों ने महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न उपायों एवं उपलब्ध सहायता के बारे में भी जानकारी दी।

संवेदनशील क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीम की सक्रियता

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों को भी सक्रिय किया गया। टीमों द्वारा संवेदनशील स्थानों, बाजारों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण एवं चेकिंग की गई। इस दौरान महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।

पुलिस ने शोहदों एवं महिलाओं को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

गाजीपुर पुलिस का यह अभियान न केवल महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में महिला सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास है। पुलिस की लगातार पैदल गश्त और एंटी रोमियो टीमों की सक्रियता से सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।