गाजीपुर। वित्तीय वर्ष एवं शैक्षिक सत्र 2026-27 में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है।
नवीनीकरण श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए 25 अगस्त 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। वहीं, नए विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का अवसर 21 सितंबर 2026 तक मिलेगा।
विद्यालय स्तर पर भी आवेदन पत्रों के सत्यापन एवं अग्रसारण की समय-सीमा निर्धारित की गई है। नवीनीकरण आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन एवं अग्रसारण 30 अगस्त 2026 तक, जबकि नवीन आवेदनों का सत्यापन एवं अग्रसारण 15 अक्टूबर 2026 तक किया जाना है।
छात्र-छात्राएं तुरंत करें आवेदन
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गिरिजा शंकर सरोज ने जनपद की समस्त शिक्षण संस्थाओं को निर्देशित किया है कि छात्रवृत्ति से संबंधित सभी प्रक्रियात्मक कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार समय से पूरी कराई जाए, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिलने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इच्छुक विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए [उत्तर प्रदेश छात्रवृत्ति की आधिकारिक वेबसाइट https://scholarship.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
खास बात: नवीनीकरण विद्यार्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 अगस्त है, इसलिए पात्र छात्र-छात्राएं अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते अपना आवेदन पूरा कर दें।

