गाजीपुर। पूर्ति संस्थान बहरियाबाद, गाजीपुर के सौजन्य से एक भव्य महिला महासम्मेलन का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधिकारों तथा सामाजिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाना तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना था। सम्मेलन में उपस्थित मुख्य अतिथि नमिता यादव, महिला आरक्षी थाना बहरियाबाद ने अपने वक्तव्य में कहा कि जब तक महिलाएँ शिक्षित और सशक्त नहीं होंगी, तब तक समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। महिला सुरक्षा को लेकर सरकार द्वारा संचालित टोल फ्री नम्बरो का उपयोग करके महिलायें सुरक्षित रह सकती है। आये दिन हो रहे साइबर क्राइम से बचने की विस्तृत जानकारी दी गयी। 

महासम्मेलन में विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं गणमान्य व्यक्तियों तथा अंत में पूर्ति संस्थान के निदेशक श्रद्धेय श्यामनारायण जी ने अपने विचार रखते हुए महिलाओं को शिक्षा, स्वावलंबन और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक होने का संदेश दिया। सुमन भारती जी ने महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई ताकि वे उनका लाभ उठाकर अपने जीवन स्तर को बेहतर बना सकें।

कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने अनुभव साझा किए और कार्यक्षेत्र में गठित किशोरी संगठनों की किशोरियों ने दहेज़ प्रथा, शिक्षा नुक्कड़ नाटक व गीतों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।

अंत में श्यामनारायण निदेशक जी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी महिलाओं के उत्थान के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। कार्यक्रम में सरिता भारती, सुमन भारती, सुन्दर ने सराहनीय सहयोग किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता सोनमती ने किया। कार्यक्रम का संचालन संजय कुमार भास्कर, सचिव, जनहित विकास एवं प्रशिक्षण संस्थान, गाजीपुर ने किया।