गाजीपुर, 17 सितम्बर 2025: देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 75वें जन्मदिवस के पावन अवसर पर पूरे देश में आज से "सेवा पखवाड़ा" की शुरुआत की गई। इसी क्रम में गाजीपुर नगर में भी विभिन्न सामाजिक व स्वच्छता से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
मिश्र बाजार स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में स्थानीय नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं और समाजसेवियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। स्वच्छता ही सेवा के मूल मंत्र के साथ सभी ने परिसर की सफाई कर आदर्श समाज की ओर कदम बढ़ाया।
इसी कड़ी में, कपूरपुर शक्ति केंद्र के सरस्वती विहार कॉलोनी में भी स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। यह कार्यक्रम निवर्तमान जिला अध्यक्ष श्री सुनील सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि:
"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर एक नई पहचान बनाई है। उनकी सोच और योजनाओं के परिणामस्वरूप देश आज दिन दूनी, रात चौगुनी गति से प्रगति के पथ पर अग्रसर है। स्वच्छता, न केवल एक अभियान है, बल्कि यह जन-जन के जीवन में नई ऊर्जा, स्वास्थ्य और सम्मान का मार्ग प्रशस्त कर रही है।"
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला और इसे जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष प्रीति गुप्ता, अभिनव सिंह, छोटू, सुमित तिवारी, नंदू कुशवाहा, अविनाश सिंह, शशांक राय, आनंद गुप्ता, अनुराग राय, हर्ष सिंह, प्रिंस, शाश्वत सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए "सेवा पखवाड़ा" के दौरान अधिक से अधिक सामाजिक भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
इस आयोजन ने न केवल स्वच्छता का संदेश फैलाया, बल्कि समाज को एकजुट कर राष्ट्र निर्माण की दिशा में सार्थक पहल भी की।




