गाजीपुर, 8 मई 2025: आकुशपुर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र, गाजीपुर में भारत सरकार की 10K एफपीओ प्रमोशन एंड इम्प्लीमेंटेशन योजना के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग (NMNF) के तहत आयोजित किया गया, जिसका प्रमुख उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती की ओर प्रेरित करना और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने हेतु मार्गदर्शन देना था।
इस अवसर पर लाहौल उत्पादन कंपनी और एडिरौली बालापुर नेचुरल फार्मर्स कंपनी के एफपीओ सदस्यों व स्थानीय किसानों ने सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. जे. पी. सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में किसानों को वैज्ञानिक ढंग से खेती करने और रासायन मुक्त कृषि को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
विशेषज्ञों की टीम में डॉ. ए. के. सिंह (वरिष्ठ वैज्ञानिक, पशुपालन), डॉ. नरेंद्र प्रताप (पादप प्रजनन), डॉ. शशांक सिंह (बागवानी), डॉ. पंकज कुमार, पीडब्ल्यूसी के अधिकारी राहुल गौतम, एवं NMNF मास्टर ट्रेनर सुनील कुमार कुशवाहा शामिल थे। इन्होंने विजामृत, धनामृत, ब्रह्मास्त्र जैसी जैविक विधियों के निर्माण और उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी।
किसानों को बताया गया कि प्राकृतिक खेती न केवल भूमि की उर्वरता बढ़ाती है, बल्कि उत्पादन लागत घटाकर आय में वृद्धि भी करती है। साथ ही यह खेती पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होती है। कार्यक्रम नेफेड द्वारा संचालित एवं पीडब्ल्यूसी द्वारा क्रियान्वित किया गया।