छठ पूजा को लेकर प्रशासन का बड़ा फैसला, कई घाटों पर प्रतिबंध; श्रद्धालुओं के लिए वैकल्पिक घाट चिह्नित
गहराई और सुरक्षा को देखते हुए लिया गया निर्णय, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर प्रशासन ने जारी की वैकल्पिक स्थलों की सूची
गाजीपुर। छठ महापर्व को सकुशल एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गंगा नदी एवं तालाबों की गहराई तथा सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों को देखते हुए जनपद की विभिन्न तहसीलों में कुछ घाटों पर छठ पूजा के आयोजन पर प्रतिबंध लगाया गया है। श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने प्रतिबंधित घाटों के स्थान पर नजदीकी वैकल्पिक घाटों और तालाबों को चिह्नित किया है।
मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी ने बताया कि जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में यह व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रतिबंधित घाटों पर जाने के बजाय प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक स्थलों पर ही छठ पूजा एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करें।
तहसीलवार चिह्नित किए गए वैकल्पिक घाट एवं पूजा स्थल
1. तहसील सदर:
- छोटा महादेव घाट एवं बड़ा महादेव घाट के स्थान पर पीरनगर घाट।
- फॉक्सगंज घाट के स्थान पर पवहारी बाबा घाट।
- रिवर बैंक घाट के स्थान पर पीरनगर घाट।
- पत्थर घाट के स्थान पर पवहारी बाबा घाट।
- अमवा घाट (लीलापुर) के स्थान पर सिकंदरपुर घाट एवं लीलापुर घाट।
2. तहसील सैदपुर:
- प्रतिबंधित बासूचक घाट के स्थान पर बासूचक के बगल स्थित दूसरे तालाब में पूजा-अर्चना की जा सकेगी।
3. तहसील जमानियां:
- पटकनियां घाट के स्थान पर युवराजपुर।
- चक्काबांध पंप साइड-वन घाट के स्थान पर बवाड़े में वैकल्पिक स्थल निर्धारित किया गया है।
4. तहसील मोहम्मदाबाद:
- सुल्तानपुर घाट के स्थान पर कोयला घाट एवं बच्चन का पुरा को वैकल्पिक स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है।
5. तहसील कासिमाबाद:
- कोदई तालाब के स्थान पर तालाब से 300 मीटर की दूरी पर ग्राम पंचायत स्तर से छठ अनुष्ठान के लिए गड्ढा तैयार कराया जा रहा है।
- प्रतिबंधित गेहूदी के स्थान पर गोधनी नाल गोचर की भूमि में भी पूजा-अर्चना के लिए गड्ढा खोदा जा रहा है।
6. तहसील सेवराई:
- भुल्ली बाबा की चौरी के स्थान पर कैनाल घाट गहमर में छठ पूजा एवं दर्शन-पूजन करने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और निर्धारित वैकल्पिक घाटों पर ही पूजा-अर्चना करें। प्रतिबंधित घाटों पर जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि आस्था का यह महापर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

