सिकंदरपुर और पीरनगर घाट पर सुरक्षा एवं सुविधाओं का लिया जायजा, गोताखोरों की तैनाती से लेकर सीसीटीवी और बैरिकेडिंग तक के दिए निर्देश
गाजीपुर, 14 नवंबर। छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शुक्रवार को जनपद के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत सिकंदरपुर घाट से हुई। यहां जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों पर स्पष्ट रूप से 'जाने का रास्ता' दर्शाने वाले संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि व्रती महिलाओं, श्रद्धालुओं एवं अन्य लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने, पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने तथा विद्युत पोलों को सुरक्षित रूप से कवर करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक घाट पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती और लाइफ जैकेट सहित पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति परखने के लिए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों के साथ नाव से घाटों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया गया।
इसके बाद अधिकारियों ने पीरनगर घाट का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छठ पूजा के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाए, ताकि जनपद में लोक आस्था का महापर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
प्रशासन की प्राथमिकता है कि छठ महापर्व पर घाटों पर पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित वातावरण और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।

