गाज़ीपुर, 08 मई 2025 – उत्तर प्रदेश सरकार एवं यूपी पुलिस द्वारा संचालित "मिशन शक्ति 5" अभियान के अंतर्गत जनपद गाज़ीपुर में महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को लेकर एक प्रेरणादायक पहल की गई। इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी के नेतृत्व में नगर के मिश्रबाजार स्थित एसबीआई बैंक तथा विशेश्वरगंज स्थित पीएनबी बैंक की शाखाओं में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिला थाना टीम द्वारा उपस्थित महिलाओं को शासन व पुलिस विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रमुख रूप से 112 (आपात सेवा), 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एम्बुलेंस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), व 1098 (बाल सहायता सेवा) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया और इनके प्रयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई।

साथ ही साइबर क्राइम से संबंधित बढ़ती घटनाओं के परिप्रेक्ष्य में ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया उत्पीड़न, फर्जी कॉल्स आदि से बचाव के उपाय भी विस्तार से साझा किए गए। माया सिंह, प्रतीक्षा सिंह, कुसुमलता समेत महिला पुलिस टीम की अन्य सदस्याओं ने बैंक में उपस्थित महिलाओं को उदाहरणों के माध्यम से बताया कि वे किस प्रकार सजग रहकर स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती हैं।

इस अभियान का उद्देश्य न केवल महिलाओं को कानूनी अधिकारों और सेवाओं की जानकारी देना था, बल्कि उनमें आत्मविश्वास जागृत कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी था। उपस्थित महिलाओं ने इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से उन्हें न केवल जानकारी मिलती है, बल्कि सामाजिक और मानसिक बल भी मिलता है।

"मिशन शक्ति 5" के तहत गाज़ीपुर महिला थाना की यह पहल निश्चित रूप से समाज में महिलाओं के प्रति दृष्टिकोण को सकारात्मक दिशा देने में सहायक सिद्ध होगी।

वीडियो देखे.........👇👇