गाजीपुर, 06 अक्टूबर। राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में सत्र 2026 के प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा चतुर्थ चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिक्त सीटों के सापेक्ष पांचवें चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू की गई है।
इसके तहत पूर्व में पंजीकृत ऐसे अभ्यर्थी, जिनका प्रथम, द्वितीय या तृतीय चरण में चयन नहीं हो सका, चयनित होने के बावजूद प्रवेश नहीं ले सके तथा राजकीय ITI में प्रवेश लेने के बाद किसी कारणवश नाम कटवा चुके अभ्यर्थी दोबारा विकल्प दर्ज कर सकते हैं। वहीं राजकीय एवं निजी ITI में प्रवेश के इच्छुक नवीन अभ्यर्थियों को भी आवेदन का अवसर दिया गया है।
अभ्यर्थी 06 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक परिषद की वेबसाइट scvtup.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान इच्छित संस्थान, उपलब्ध व्यवसाय, लिंग, उपवर्ग एवं शैक्षिक अर्हता से संबंधित विकल्पों को पुनः दर्ज करना होगा।
नवीन अभ्यर्थियों को ‘पंचम चरण के लिए नवीन अभ्यर्थी द्वारा आवेदन’ विकल्प पर क्लिक कर आवेदन पत्र भरना होगा। इसके बाद Preview पेज पर ‘Proceed For Payment’ के माध्यम से डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग या UPI से शुल्क जमा किया जा सकेगा। भुगतान के लिए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के पेमेंट गेटवे की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
आवेदन शुल्क सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए ₹300, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए ₹250 तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए ₹100 निर्धारित किया गया है।
प्रवेश का अवसर न चूकने के लिए पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन एवं विकल्प पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

