गाजीपुर। वाराणसी खंड शिक्षक/स्नातक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026 को रायफल क्लब में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की मौजूदगी में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध एवं पूरी जिम्मेदारी के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं।

डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर संवेदनशील बूथों का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। साथ ही लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर मतदाताओं को प्रभावित करने वाले कारकों पर नजर रखने तथा नियमों के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए। मतदान कार्मिकों की व्यवस्था के लिए एसडीएम एवं खंड विकास अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं मतदेय स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल और बूथ निर्माण सहित मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी, एसडीएम एवं संबंधित बीडीओ को निर्देशित किया गया।

बैठक में आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 को ध्यान में रखते हुए भी सभी एसडीएम को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर जनपद के शत-प्रतिशत बूथों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। बैठक में सभी संबंधित प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।