गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “विकसित भारत की कल्पना” थीम पर जनपद स्तरीय चित्रकला, सामान्य ज्ञान एवं भाषण प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन ऑडिटोरियम हॉल में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत की उपस्थिति में हुआ।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अतिथि ने परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों की मौजूदगी में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
बालिकाओं ने मनमोहक स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। विभिन्न विभागों एवं विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और देशभक्ति का रंग भर दिया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक सोच, ज्ञान और वक्तृत्व प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश के विकास, राष्ट्र निर्माण, नवाचार और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, जिलाध्यक्ष भाजपा ओम प्रकाश राय, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी राजन राय, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


