गाजीपुर। गांधी जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय, गाजीपुर की ओर से खिलाड़ियों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। 02 अक्टूबर को नेहरू स्टेडियम गोराबाजार से महिला एवं पुरुषों की 5 किमी क्रॉसकंट्री रेस आयोजित होगी। दौड़ प्रातः 6 बजे शुरू होकर पीजी कॉलेज चौराहा, पुलिस लाइन गेट, आदर्श बौद्ध इंटर कॉलेज होते हुए चमड़ा गोदाम तक जाएगी और इसी मार्ग से वापस नेहरू स्टेडियम गेट पर समाप्त होगी। इच्छुक खिलाड़ी सुबह 5:30 बजे पहुंचकर कार्यालय से चेस्ट नंबर प्राप्त कर निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। महिला एवं पुरुष वर्ग में छह-छह विजेता खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।

वहीं, प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता के लिए 01 अक्टूबर को नेहरू स्टेडियम में जिला स्तरीय चयन/ट्रायल हुआ। इसमें कुल 30 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 10 श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी 05 अक्टूबर को डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा वाराणसी में मंडलीय चयन/ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। चयन प्रक्रिया में कबड्डी प्रशिक्षिका सुश्री अंजनी वर्मा ने चयनकर्ता/मुख्य निर्णायक की भूमिका निभाई। क्रीड़ा अधिकारी श्री देवी प्रसाद की देखरेख एवं मार्गदर्शन में ट्रायल संपन्न हुआ।

इसके अलावा प्रदेश स्तरीय समन्वय सीनियर महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल 02 अक्टूबर को सुबह 10 बजे नेहरू स्टेडियम में होगा। इच्छुक खिलाड़ी सुबह 9:30 बजे तक प्रवेश करा सकती हैं। चयनित खिलाड़ियों को 03 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे तक वाराणसी के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा में मंडलीय चयन में प्रतिभाग करना होगा। खिलाड़ियों के लिए पात्रता प्रमाण पत्र, फोटोयुक्त एवं प्रधानाचार्य से प्रमाणित आयु प्रमाण पत्र और आधार कार्ड लाना अनिवार्य है। प्रवेश निःशुल्क रहेगा।