*
मरदह, गाजीपुर। क्षेत्र के सोढ़रा गांव में 20 दिनों से 25 केवीए का ट्रांसफार्मर जला पड़ा होने के कारण 125 घरों में अंधेरा पसरा हुआ है और करीब 600 की आबादी प्रभावित है। लगातार 6 महीने से हर तीन दिन बाद ट्रांसफार्मर खराब होने से आजिज आकर बुधवार को ग्रामीणों ने बिजली निगम के खिलाफ जुलूस निकाला और ट्रांसफार्मर के पास खड़े होकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण लगभग दो घंटे तक मरदह-सोढ़रा गांव मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा।
गांव के सिंहासन पासवान, संतोष, रामदेव, जितेंद्र, सुरेंद्र, रामबली, लीलावती, राधिका, रीना, इंद्रावती, दुलरी ने बताया कि आबादी के सापेक्ष कम क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगा होने के कारण पिछले 6 महीने से लगातार खराब हो रहा है। सकी क्षमता वृद्धि करने की जरूरत है। बिजली निगम के कर्मचारियों व अधिकारियों की उदासीनता के कारण हमें सड़क पर उतरना पड़ा है।
ग्रामीणों ने बताया कि 20 दिनों से अंधेरा पसरा होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिजली न होने से समय से भोजन नहीं बन पा रहा है और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। पूनम देवी ने बताया कि बिजली आपूर्ति गुल होने से घरों के बिजली उपकरण शोपीस बने हुए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक क्षमता वृद्धि नहीं होगी समस्या खत्म नहीं होगी। विभागीय व जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण हम ठगा महसूस कर रहे हैं। 6 महीने में एक दर्जन बार ट्रांसफार्मर जल चुका है, कोई सुध लेने वाला नहीं है। 2 किलोमीटर दूर जाकर मोबाइल और लाइट बड़ी मुश्किल से चार्ज करनी पड़ रही है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो पावर हाउस का घेराव किया जाएगा और आंदोलन जारी रहेगा।
इस मौके पर मनभावती देवी, गीता देवी, मंजू देवी, पूनम देवी, सुभावती देवी, विभा, गिरजा, चिंता, सुखमीना, मंशा, निर्मला, रेखा देवी सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
इस संबंध में विभाग के उपखंड अधिकारी चन्द्रमोहन ने बताया कि 25 से 63 केवीए ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि हेतु प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है, जैसे ही निर्देश प्राप्त होगा परिवर्तन कर दिया जाएगा।

