गाजीपुर। जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश यादव, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बुधवार को संयुक्त रूप से जिला कारागार गाजीपुर का स्थलीय निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार चिकित्सालय, महिला एवं पुरुष बैरक, रसोईघर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने कारागार में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की संचालन व्यवस्था की भी जांच की। कारागार चिकित्सालय में भर्ती बंदियों से उनकी बीमारी एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली गई। साथ ही उनके खान-पान, साफ-सफाई और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की गई।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान हवालात कार्यालय के स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई। इसके बाद अधिकारियों ने बारी-बारी से विभिन्न बैरकों का निरीक्षण किया। बैरकों में बंदियों के कार्ड की जांच करते हुए उनकी अगली पेशी की निर्धारित तिथि भी देखी गई, ताकि अभिलेखीय व्यवस्था का सत्यापन किया जा सके।
रसोईघर के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रतिदिन तैयार किए जाने वाले भोजन के निर्धारित मेन्यू की जानकारी ली तथा भोजन व्यवस्था से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जेल अधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिए कि कारागार के अंदर किसी भी दशा में मोबाइल फोन अथवा अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का प्रवेश न होने पाए। इसके लिए नियमित रूप से रोस्टर तैयार कर प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं बंदियों की मूलभूत सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं को सतर्कता के साथ सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

