गाजीपुर। जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए खेल मैदान से बड़ी खबर सामने आई है। नेहरू स्टेडियम गोराबाजार में बुधवार को प्रदेश स्तरीय समन्वय सीनियर पुरुष एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल आयोजित किया गया। ट्रायल में कुल 30 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इटावा में 7 से 8 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए प्रदर्शन के आधार पर 10 श्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया गया। चयनित खिलाड़ी अब 1 अक्टूबर को डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा वाराणसी में होने वाले मंडलीय चयन/ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे।

एथलेटिक्स चयन/ट्रायल में खेलो इंडिया एथलेटिक्स प्रशिक्षक विजय ने चयनकर्ता एवं मुख्य निर्णायक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन एवं देखरेख में जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

वहीं, प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल का आयोजन 1 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे नेहरू स्टेडियम गोराबाजार में किया जाएगा। इच्छुक खिलाड़ी सुबह 9:30 बजे तक अपनी प्रविष्टि दे सकते हैं।

कबड्डी प्रतियोगिता 7 से 9 अक्टूबर तक आजमगढ़ में प्रस्तावित है। चयनित खिलाड़ी 5 अक्टूबर को वाराणसी के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा में मंडलीय चयन/ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे।

सब-जूनियर बालक वर्ग के लिए खिलाड़ी की आयु 16 वर्ष या उससे कम, यानी जन्मतिथि 1 जनवरी 2011 के बाद होनी चाहिए तथा वजन 55 किलोग्राम या उससे कम होना आवश्यक है। खिलाड़ियों को फोटोयुक्त पात्रता प्रमाण पत्र, प्रधानाचार्य से प्रमाणित आयु प्रमाण पत्र, नंबर एवं आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। चयन/ट्रायल में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

जिला खेल कार्यालय एवं जिला कबड्डी संघ ने इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अपील की है।