गाजीपुर। थाना शादियाबाद में तैनात उपनिरीक्षक स्व. राजबली यादव के आकस्मिक निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। मूल रूप से जनपद गोरखपुर निवासी उपनिरीक्षक राजबली यादव को 20 सितंबर को हार्ट अटैक आने के बाद उपचार के लिए वाराणसी स्थित वर्धन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद सोमवार, 21 सितंबर 2026 को पुलिस लाइन गाजीपुर स्थित शहीद स्मृति स्थल पर उनके पार्थिव शरीर को अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर सहित अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रतिसार निरीक्षक तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने राजकीय सम्मान के साथ दिवंगत उपनिरीक्षक को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कर्तव्यनिष्ठ सेवाकाल को याद करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। श्रद्धांजलि के उपरांत पार्थिव शरीर को उनके मूल निवास जनपद गोरखपुर के लिए रवाना किया गया।

