जमानियां। 30 सितंबर 2026: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने,एसआईआर को रद्द करने सहित तमाम मुद्दों को लेकर भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने पाण्डेय मोड़ जमानियां से जुलूस निकाला और तहसील मुख्यालय पहुंच कर ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया, सभा की और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार जमानियां को सौंपा। इस अवसर पर हुई सभा को संबोधित करते हुए भाकपा-माले की केन्द्रीय कमेटी के सदस्य ईश्वरी प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि इंडियन एक्सप्रेस में हुए खुलाशे के बाद पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के गठजोड़ द्वारा की गई चुनाव चोरी पकड़ी गई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह शेष दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों को दरकिनार कर और उन्हें अंधेरे में रखकर असंवैधानिक एसआईआर चलाया जा रहा है,हमारे सांविधान व लोकतंत्र के समक्ष खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने इसके विरुद्ध समस्त नागरिकों को संगठित होकर सड़क पर उतरने का आह्वान किया। भाकपा-माले गाजीपुर के जिला सचिव ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि एसआईआर न केवल भाजपा विरोधी वोटरों का मताधिकार छीनने, बल्कि कमजोर वर्गों, अल्पसंख्यकों से उनका नागरिक अधिकार छीन लेने की साज़िश है। माले नेताओं ने लोगों से महात्मा गांधी जयंती के मौके पर आगामी 02 अक्टूबर को गाजीपुर में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। ज्ञापन के जरिए ज्ञानेश कुमार को महाभियोग चलाकर हटाने, एसआईआर को रद्द कर बाहर हुए लोगों का नाम पुनः वोटर लिस्ट में जोड़ने, ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने, दोषपूर्ण वोटर लिस्ट के आधार पर हुए विधानसभा चुनावों को रद्द करने सहित तमाम मांगें की गई।इस अवसर पर विजयी वनवासी, बुच्चीलाल, श्यामप्यारी,पांचरतन कुशवाहा, अखिलेश कुशवाहा, राजेन्द्र वनवासी,लालू बिंद सहित तमाम लोगों ने अपनी बात रखी।