डीसीसी/डीएलआरसी बैठक में सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, लक्ष्य समय से पूरा करने पर जोर

गाजीपुर। जून 2026 तिमाही की डीसीसी/डीएलआरसी बैठक सोमवार को राइफल क्लब सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, आरबीआई के अग्रणी जिला अधिकारी श्रवण कुमार राम, अग्रणी जिला प्रबंधक राजदेव कुमार, नाबार्ड डीडीएम श्रीमती कंचन पाल सहित विभिन्न बैंकों के समन्वयक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जून 2026 तक जिले में बैंकिंग एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले का जमा ऋण अनुपात मार्च 2026 में 41.88 प्रतिशत से बढ़कर जून 2026 में 42.63 प्रतिशत हो गया है। जिले में कुल जमा राशि 22,827 करोड़ रुपये तथा कुल अग्रिम राशि 9,731 करोड़ रुपये रही।

एसएचजी सीसीएल लिंकेज में वित्तीय वर्ष 2026-27 के 5,500 के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 1,714 एसएचजी को सीसीएल लिंकेज स्वीकृत एवं वितरित किया गया। वहीं सीएम युवा उद्यमी योजना में 1,850 के लक्ष्य के सापेक्ष 395 आवेदन स्वीकृत एवं वितरित किए गए हैं।

किसान क्रेडिट कार्ड योजना में 79,958 के कुल भौतिक लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 31,231 खातों में 503.39 करोड़ रुपये का वितरण किया जा चुका है।

जिलाधिकारी ने जनपद का ऋण-जमा अनुपात और बेहतर करने के लिए बैंकों को ऋण प्रवाह बढ़ाने तथा शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम सूर्यघर एवं सीएम युवा उद्यमी योजना के निर्धारित लक्ष्यों को पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी समय से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

अग्रणी जिला प्रबंधक ने आश्वस्त किया कि सभी बैंकर्स आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विभिन्न योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रभावी प्रयास करेंगे।