गाजीपुर। थाना जंगीपुर में तैनात आरक्षी गुलाब सिंह को मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नति मिलने पर पुलिस विभाग में खुशी का माहौल रहा। बुधवार, 22 सितंबर 2026 को थाना जंगीपुर के अर्द्धवार्षिक मुआयना के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी जंगीपुर ने उनके कंधे पर तीन फीती लगाकर पदोन्नति की औपचारिकता पूरी की।
इस अवसर पर अधिकारियों ने आरक्षी से मुख्य आरक्षी बने गुलाब सिंह को पदोन्नति की हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पदोन्नति के बाद गुलाब सिंह ने अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पदोन्नति के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। पुलिसकर्मियों से अपेक्षा की जाती है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दें।

