गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत जनपद में पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर आमजन को जागरूक किया गया तथा उन्हें किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस से तत्काल संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

वहीं, मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण एवं चेकिंग की गई। टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए शोहदों और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की।

पुलिस द्वारा अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध पुलिस सहायता के संबंध में जानकारी दी गई। मिशन शक्ति फेज 5.0 के माध्यम से पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का संदेश दिया।