गाजीपुर, 20 सितंबर 2026। पति-पत्नी के बीच आपसी मतभेद से टूटने की कगार पर पहुंचे परिवारों को फिर से जोड़ने की दिशा में महिला सहायता प्रकोष्ठ/परिवार परामर्श केंद्र गाजीपुर ने सराहनीय पहल की। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के कुशल निर्देशन में आयोजित सुनवाई के दौरान कुल 32 पारिवारिक विवादों को सुना गया।
मध्यस्थता के दौरान लंबे समय से विवादित चल रहे 03 प्रकरणों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर संवाद कराया गया। काउंसलिंग के बाद दम्पतियों ने आपसी गिले-शिकवे भुलाकर बिना किसी दबाव के राजी-खुशी साथ रहने पर सहमति जताई। इसके बाद तीनों दम्पतियों की सकुशल विदाई कराई गई, जिससे उनके परिवारों में फिर से खुशियां लौट आईं।
इसके अतिरिक्त 06 प्रकरण कुशलता के बाद, 09 प्रकरण विधिक सुझाव के साथ तथा 06 प्रकरण दोनों पक्षों के उपस्थित न होने पर बंद किए गए। शेष मामलों में अगली तिथि निर्धारित की गई।
निस्तारण में काउंसलर विक्रमादित्य मिश्रा, वीरेंद्र नाथ राम, कमरुद्दीन, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी उ0नि0 नीतू मिश्रा सहित महिला आरक्षी सोनाली, सविता, संध्या, अभिलाषा एवं आरक्षी शिव शंकर यादव आदि की प्रमुख भूमिका रही।

