श्रमिकों के स्वास्थ्य की चिंता, सेवा संकल्प अभियान में लगा स्वास्थ्य शिविर
गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रमिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए शुक्रवार को पी0एम0श्री कम्पोजिट विद्यालय, सेमरा, मनिहारी में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में निर्माण साइटों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत 110 कर्मकारों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर का आयोजन सहायक श्रम आयुक्त अभिषेक सिंह एवं श्रम प्रवर्तन अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह के नेतृत्व में जिला अस्पताल की पांच सदस्यीय मेडिकल टीम के सहयोग से किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले शिविर में चिकित्सकों ने श्रमिकों की विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचें कीं।
मेडिकल टीम द्वारा नेत्र परीक्षण, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हिमोग्लोबिन, बीएमआई एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान सामने आई स्वास्थ्य संबंधी कमियों के अनुसार कर्मकारों को चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण भी किया गया।
शिविर में श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी गई। शासन की इस पहल से लाभान्वित कर्मकारों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्रमिकों के स्वास्थ्य की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संविदाकार धनन्जय कुमार सिंह, चिकित्साधिकारी डा. शशांक राय, फार्मासिस्ट अम्बिका राम, नेत्र चिकित्साधिकारी मनोज कुमार, एलटी राजेश सिंह कुशवाहा एवं वार्ड ब्वाय अखिलेश यादव सहित मेडिकल टीम का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

