गाजीपुर। ऑनलाइन साइबर फ्रॉड का शिकार हुए सोनू यादव पुत्र रामदरश यादव निवासी विशुनपुरा, थाना बिरनो के लिए गाजीपुर पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क राहत की बड़ी वजह बनी। साइबर हेल्प डेस्क थाना बिरनो की सक्रियता और प्रभावी पैरवी के चलते फ्रॉड की गई ₹10,000 की धनराशि वापस उनके खाते में पहुंचाई गई।

जानकारी के अनुसार सोनू यादव के साथ यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी कर ₹10,000 की धनराशि हड़प ली गई थी। घटना के बाद उन्होंने बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसकी शिकायत संख्या 33106260148259 है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम के प्रयास से फ्रॉड की गई धनराशि को होल्ड कराया गया। इसके बाद कोर्ट आर्डर के माध्यम से ₹10,000 की पूरी धनराशि सफलतापूर्वक शिकायतकर्ता के खाते में वापस करा दी गई।

धनराशि वापस मिलने के बाद सोनू यादव ने गाजीपुर पुलिस की साइबर टीम की तत्परता और प्रयासों की सराहना करते हुए साइबर हेल्प डेस्क बिरनो का आभार व्यक्त किया।

पुलिस ने साइबर अपराध से बचाव के लिए लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि धनराशि को समय रहते होल्ड कराकर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।