गाजीपुर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नोनहरा की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए UPI के माध्यम से हुई ऑनलाइन ठगी की ₹5,000 की पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
जानकारी के अनुसार इमरान अहमद पुत्र स्व. नूरुल हसन, निवासी ग्राम चक रुकुन्दीपुर, थाना नोनहरा, जनपद गाजीपुर के साथ ऑनलाइन फ्रॉड कर ₹5,000 की धनराशि ठग ली गई थी। पीड़ित ने तत्परता दिखाते हुए NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी के कुशल मार्गदर्शन में साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उ0नि0 अविनाश मणि तिवारी एवं टीम ने मामले में प्रभावी कार्रवाई की। टीम के संयुक्त प्रयास से कोर्ट ऑर्डर के माध्यम से फ्रॉड की गई ₹5,000 की धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
पूरी रकम वापस मिलने के बाद पीड़ित इमरान अहमद ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए हृदय से धन्यवाद दिया।
साइबर फ्रॉड में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव
UPI PIN, OTP, बैंक संबंधी जानकारी या किसी भी प्रकार के गोपनीय विवरण को किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराना धनराशि वापस पाने की संभावना को बढ़ाता है।
नोनहरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि साइबर अपराध के खिलाफ सतर्कता और समय पर शिकायत बेहद महत्वपूर्ण है।

