गाजीपुर। जिला खेल कार्यालय गाजीपुर के तत्वावधान में जिले के युवा एवं महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न खेलों के जिला स्तरीय चयन/ट्रायल्स आयोजित किए जाएंगे। जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद ने बताया कि सब-जूनियर बालकों की कुश्ती प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल्स 05 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे से नेहरू स्टेडियम, गोराबाजार गाजीपुर में आयोजित होगा। इच्छुक खिलाड़ी उसी दिन प्रातः 9 बजे तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

चयनित खिलाड़ी वाराणसी मंडल स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। खिलाड़ियों को अपने साथ फोटोयुक्त पात्रता प्रमाण पत्र, प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाणित आयु प्रमाण पत्र तथा आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। चयन/ट्रायल्स में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल्स 08 अगस्त को प्रातः 9 बजे होंगे, जबकि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 21 से 23 अगस्त 2026 तक कौशाम्बी में आयोजित की जाएगी।

कुश्ती में फ्री स्टाइल एवं ग्रीको रोमन वर्ग के लिए 41-45, 48, 51, 55, 65, 71, 80, 92 एवं 110 किलोग्राम भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं।

महिला खिलाड़ियों के लिए भी चयन-ट्रायल्स

प्रदेशीय स्तरीय महिला खेल समारोह प्रतियोगिता के अंतर्गत खो-खो, बैडमिंटन और वॉलीबॉल के जिला स्तरीय चयन/ट्रायल्स भी नेहरू स्टेडियम गोराबाजार में आयोजित होंगे। इच्छुक महिला खिलाड़ी संबंधित खेल की निर्धारित तिथि को प्रातः 9:30 बजे तक प्रविष्टि दे सकती हैं। चयनित खिलाड़ी वाराणसी मंडल स्तर पर प्रतिभाग करेंगी।

खो-खो: जिला स्तरीय चयन/ट्रायल्स 04 अगस्त को प्रातः 10 बजे तथा मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल्स 06 अगस्त को प्रातः 9 बजे होंगे।

बैडमिंटन: जिला स्तरीय चयन 05 अगस्त को प्रातः 10 बजे तथा मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल्स 07 अगस्त को प्रातः 9 बजे होंगे।

वॉलीबॉल: जिला स्तरीय चयन/ट्रायल्स 06 अगस्त को प्रातः 10 बजे तथा मंडल स्तरीय चयन/ट्रायल्स 07 अगस्त को प्रातः 9 बजे आयोजित होंगे।

प्रदेश स्तरीय महिला प्रतियोगिता 11 से 13 अगस्त 2026 तक जौनपुर में आयोजित की जाएगी।

सभी इच्छुक खिलाड़ियों के लिए फोटोयुक्त पात्रता प्रमाण पत्र, प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाणित आयु प्रमाण पत्र एवं आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य है। सभी चयन/ट्रायल्स में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। जिला खेल कार्यालय ने अधिक से अधिक पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित समय पर पहुंचकर चयन/ट्रायल्स में प्रतिभाग करने की अपील की है।