विद्यार्थियों की नाट्य कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, वीर शहीदों के बलिदान को किया नमन
गाजीपुर/नंदगंज। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर द कोटा ग्लोबल स्कूल, बाघी, नंदगंज में शनिवार को देशभक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शौर्य संगठन से जुड़े सैन्य पदाधिकारियों एवं पूर्व सैनिकों द्वारा तिरंगा ध्वजारोहण के साथ हुआ। जैसे ही तिरंगा शान से लहराया, पूरा विद्यालय परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा। राष्ट्रगान के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने देश के वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
शौर्य संगठन के वीर पदाधिकारियों ने बढ़ाया गौरव
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शौर्य संगठन के पदाधिकारी फौजी सुरेंद्र सिंह, सूबेदार अभय यादव, मेजर सुभ्राति अहमद, सौर्य चक्र से सम्मानित विशेशी कुशवाहा, कैप्टन श्रीकृष्ण कुमार बिंद, सूबेदार अच्छे लाल कुशवाहा, सूबेदार अरविंद यादव एवं सूबेदार वीरेंद्र यादव उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य पुनीता सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और स्वतंत्रता दिवस के महत्व के साथ देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों के योगदान पर प्रकाश डाला।
बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल
स्वतंत्रता दिवस समारोह का सबसे आकर्षक केंद्र विद्यालय के छात्र-छात्राओं की देशभक्ति से ओत-प्रोत नाट्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। गीत, नृत्य और नाट्य मंचन के माध्यम से विद्यार्थियों ने आजादी के संघर्ष, वीरों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
बच्चों की शानदार अभिनय क्षमता और मंच प्रस्तुति ने अतिथियों, अभिभावकों और दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पूरे परिसर में देशभक्ति का ऐसा रंग चढ़ा कि हर चेहरा राष्ट्रप्रेम और गर्व की भावना से दमकता नजर आया।
'स्वतंत्रता दिवस जिम्मेदारी और संस्कार का संदेश देता है'
विद्यालय के चेयरमैन अभयनाथ यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में देश के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम के संस्कार विकसित करने का दिन है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास, संस्कार, अनुशासन और प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षण पद्धति, सांस्कृतिक गतिविधियों, खेलकूद और रचनात्मक कार्यक्रमों से जोड़ा जा रहा है। उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्य और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
बड़ी संख्या में जुटे अतिथि और अभिभावक
समारोह में प्रबंधक सुजीत यादव, पूर्व प्रधान अशोक यादव, सूबेदार फौजदार यादव, बनारसी बिंद सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्वतंत्रता दिवस समारोह ने यह संदेश दिया कि जब शिक्षा में संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम का समावेश हो, तो विद्यालय केवल ज्ञान का केंद्र नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव बन जाता है।

