अशोक चौरसिया ने किया अभिनंदन, कहा समरसता से मजबूत होगा समाज

कासिमाबाद (गाजीपुर)। संत शिरोमणि रविदास समरसता संकल्प कलश यात्रा आज अपने नौवें दिन जहुराबाद विधानसभा के कासिमाबाद प्रथम मंडल के खजूहां, जीयनपुर, बड़ागांव खेताबपुर, कादीपुर होते हुए रविदास मंदिर पर विश्राम के लिए पहुंची। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाकर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया तथा कलश का पूजन-अर्चन किया।कादीपुर पहुंचने पर कलश यात्रा का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। यहां भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कलश का अभिनंदन-वंदन कर उसे सिर पर धारण किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा संत रविदास जी के समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। समाज में एकता, भाईचारा और समरसता को मजबूत करना ही इस यात्रा का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सम्मान, विकास और अवसर पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।


भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि संत रविदास जी का संदेश जाति-पाति से ऊपर उठकर समानता और मानवता की भावना को स्थापित करता है। यह कलश यात्रा समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता की भावना को और अधिक सशक्त कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता की नींव को मजबूत करते हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि यह कलश यात्रा संगठन और समाज को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। भाजपा सदैव सभी वर्गों के सम्मान और उत्थान के लिए कार्य करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि संतों के विचारों को आत्मसात कर ही एक सशक्त और समरस समाज का निर्माण संभव है।

इस कलश यात्रा में मंडल अध्यक्ष प्रफुल्ल सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला, जितेंद्र पांडेय, मनोज गुप्ता, राजेश कुमार, धनंजय ओझा, मनोज सिंह, संतोष कुशवाहा, नीरज पांडेय,दिना ठाकुर, संतोष गुप्ता, मयंक राय, कंचन गिरि, सौरभ सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु शामिल रहे।