गाजीपुर। बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर आवासीय सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन की सक्रियता उस समय देखने को मिली, जब जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बाराचवर का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने विद्यालय की व्यवस्थाओं, छात्राओं की उपस्थिति, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं और खेलकूद की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की स्थिति को देखते हुए वृहद मरम्मत के लिए निदेशालय को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।

मेन्यू के अनुसार भोजन न मिलने पर जताई नाराजगी

विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित वार्डन के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए छात्राओं को समय से निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

विद्यालय में नामांकित छात्राओं के सापेक्ष 53 छात्राएं उपस्थित मिलीं। डीएम ने खराब पड़े पंखों को तत्काल दुरुस्त कराने के भी निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बेटियों के साथ बैडमिंटन खेलकर बढ़ाया उत्साह

निरीक्षण का सबसे खास पल तब आया, जब जिलाधिकारी ने छात्राओं के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। खेल के प्रति छात्राओं की रुचि को देखते हुए उन्होंने एसडीएम मोहम्मदाबाद को क्षेत्र पंचायत अथवा ग्राम पंचायत के माध्यम से विद्यालय परिसर में बैडमिंटन कोर्ट बनवाने के निर्देश दिए।

वहीं छात्राओं द्वारा खो-खो कोर्ट बनवाने का अनुरोध किए जाने पर जिलाधिकारी ने सहमति प्रदान करते हुए खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठाने के निर्देश दिए।

सोमवार को होगा छात्राओं की आंखों का परीक्षण

छात्राओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए डीएम ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर सभी छात्राओं की आंखों का परीक्षण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही डीबीटी का शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित कराने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय में छात्राओं को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर आवासीय सुविधाएं, पर्याप्त स्वास्थ्य सेवाएं और खेलकूद की समुचित व्यवस्था हर हाल में उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि छात्राओं द्वारा बताई गई प्रत्येक समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाए।

निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने छात्राओं को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। डीएम का यह सहज अंदाज छात्राओं के चेहरों पर मुस्कान बिखेर गया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मोहम्मदाबाद, खंड शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।