गाजीपुर। जमानियां क्षेत्र के रेल यात्रियों की वर्षों पुरानी सुविधा संबंधी मांग को अब संसद के स्तर पर मजबूती से उठाया गया है। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर जमानियां रेलवे स्टेशन (ZNA) पर प्रमुख एक्सप्रेस एवं सुपरफास्ट ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर पत्र सौंपा।
सांसद ने रेल मंत्री के समक्ष ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस, पटना-इंदौर एक्सप्रेस, जन शताब्दी एक्सप्रेस और संघमित्रा एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों के जमानियां स्टेशन पर ठहराव का मुद्दा प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि जमानियां क्षेत्र ऐतिहासिक महत्व के साथ-साथ कृषि और व्यापार की दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, विद्यार्थी, मरीज, नौकरीपेशा लोग और आम यात्री वाराणसी, पटना, दिल्ली, हावड़ा समेत देश के विभिन्न प्रमुख शहरों की यात्रा करते हैं।
ट्रेनों के ठहराव के अभाव में यात्रियों को उठानी पड़ रही परेशानी
जमानियां स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों को अक्सर आसपास के स्टेशनों का रुख करना पड़ता है। इसके लिए उन्हें अतिरिक्त दूरी तय करने के साथ-साथ समय और आर्थिक संसाधन भी खर्च करने पड़ते हैं। विशेषकर मरीजों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और व्यापारियों के लिए यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।
सांसद ने रेल मंत्री से आग्रह किया कि यात्रियों की संख्या, क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और जमानियां के बढ़ते व्यापारिक एवं सामाजिक महत्व को देखते हुए इन प्रमुख ट्रेनों का ठहराव जमानियां स्टेशन पर सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
ठहराव मिला तो व्यापार से लेकर शिक्षा और चिकित्सा तक को मिलेगा लाभ
जमानियां स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव से केवल रेल यात्रियों को ही राहत नहीं मिलेगी, बल्कि इसका सीधा सकारात्मक असर क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों, शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और सामाजिक आवागमन पर भी पड़ेगा। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से क्षेत्र के लोगों को बड़े शहरों तक पहुंचने में सुविधा होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है।
सांसद संगीता बलवंत द्वारा इस मुद्दे को रेल मंत्रालय के समक्ष उठाए जाने से जमानियां क्षेत्र के यात्रियों में भी उम्मीद जगी है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यदि प्रमुख ट्रेनों का ठहराव जमानियां स्टेशन पर शुरू होता है तो यह लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधा की एक बड़ी मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
सांसद ने रेल मंत्री से यात्रियों एवं क्षेत्रवासियों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए जमानियां रेलवे स्टेशन पर इन महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की दिशा में सकारात्मक एवं शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया है।


